पाकिस्तान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने पर प्रतिक्रिया दी है। PAK विदेश मंत्रालय ने हिजाब उतारने को गलत बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि एक सीनियर नेता का मुस्लिम महिला का जबरन हिजाब हटाना बेहद गलत है। भारत ने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नफरत बढ़ रही है। अंद्राबी ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं भारत में मुस्लिम महिलाओं के अपमान को सामान्य बनाने का खतरा पैदा करती हैं। साथ ही मुस्लिमों के प्रति असहिष्णुता को बढ़ावा देती हैं। सोमवार को बिहार में आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांटने के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला डॉक्टर नुसरत से हिजाब के बारे में पूछा और बाद में खुद उसका हिजाब हटा दिया।
पाकिस्तानी डॉन ने नीतीश कुमार को धमकी दी
पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने वीडियो जारी नीतीश कुमार को धमकी दी है। भट्टी ने कहा कि नीतीश कुमार सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें, वरना बाद में ये मत कहना की चेतावनी नहीं दी गई थी। शहजाद के खिलाफ पटना के साइबर थाना में केस दर्ज किया गया है। शहजाद भट्टी हाल ही में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को धमकी देकर सुर्खियों में आया था। भट्टी से जान का खतरा बताते हुए लॉरेंस के तिहाड़ जेल में बंद भाई अनमोल बिश्नोई ने भी दिल्ली कोर्ट से बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ी की डिमांड की थी।
पाक का आरोप- भारत ने बिना चेतावनी चिनाब में पानी छोड़ा
पाकिस्तान ने भारत पर बिना किसी पूर्व सूचना के चिनाब नदी में पानी छोड़ने का आरोप लगाया है। इस्लामाबाद ने इसे सिंधु जल समझौते (IWT) का सीधा उल्लंघन बताया है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रवक्ता अंद्राबी ने कहा कि दिसंबर से चिनाब नदी के जलस्तर में अचानक और असामान्य बदलाव देखे जा रहे हैं। उनके मुताबिक, भारत द्वारा अचानक पानी छोड़े जाने से नदी के बहाव में तेज उतार-चढ़ाव आया, जिसकी पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी। अंद्राबी ने कहा कि सिंधु जल संधि के तहत साझा नदियों से जुड़े किसी भी कदम की पहले सूचना देना अनिवार्य है, लेकिन भारत ने इस नियम का पालन नहीं किया। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताते हुए कहा कि ऐसे कदम क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा हैं।

