पंजाब पुलिस के DIG हरचरण सिंह भुल्लर का 5 दिन का CBI रिमांड खत्म होने के बाद मंगलवार को (11 नवंबर) उन्हें चंडीगढ़ स्थित CBI की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उन्हें ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा गया। अब 20 नवंबर को मामले की सुनवाई होगी। इस दिन DIG की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी होगी। सुनवाई के दौरान CBI के वकील ने कोर्ट में कहा कि DIG भुल्लर पूछताछ के दौरान कॉर्पोरेट नहीं कर रहे हैं। वह सीबीआई के पूछे गए सवालों का सही से जवाब नहीं दे रहे हैं। उधर, DIG के वकील एचएस धनोआ ने कहा कि भुल्लर को जेल के अंदर मेडिकल सुविधा दी जाए। इसके बाद जज ने कहा कि यह एप्लिकेशन जेल में दे दीजिए। इस बीच, मामले में अब ED (प्रवर्तन निदेशालय) की भी एंट्री हो गई है। ED की टीम CBI ऑफिस पहुंची है, यहां ईडी उन IAS और IPS अफसरों का रिकॉर्ड लेगी, जिन पर बेनामी संपत्ति बनाने के आरोप हैं। जांच में अब तक पंजाब के करीब 50 अफसरों के नाम सामने आए हैं, जिनमें कई वर्तमान में फील्ड पर तैनात हैं।
CBI सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार बिचौलिए कृष्नु शारदा के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से भ्रष्ट डीलिंग के कई सबूत मिले हैं। एजेंसी का कहना है कि कृष्नु इन अफसरों के जरिए ट्रांसफर-पोस्टिंग, FIR रद्द करवाने और केस प्रभावित करने जैसे काम करता था। अब ED के रिकॉर्ड लेने के बाद कई अफसरों के नाम सार्वजनिक हो सकते हैं।

