पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से विधान सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर की गई टिप्पणी और गैंगस्टरों के मुद्दे पर गृहमंत्री अमित शाह को गुजरात से तड़ीपार कहने पर विवाद बढ़ गया है। विदेश मंत्रालय ने इसे गैर जिम्मेदाराना और खेदजनक करार दिया है। साथ ही मंत्रालय ने कहा है कि भारत सरकार ऐसी अनुचित टिप्पणियों से खुद को अलग करती है, जो मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
बिट्टू बोले- देश के खिलाफ मान रच रहे साजिश
वहीं अब केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी सीएम मान पर निशाना साधा है। बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह दिन के 24 घंटों में से 18 घंटे देश के लिए काम करते है, लेकिन सीएम मान 18 घंटे नशे में रहते है। बिट्टू ने कहा कि देश के खिलाफ ये बड़ी साजिश रच रहे है। देश के दुश्मनों के साथ मिले है। ये एक बड़ी रणनीति है। मैं मानता हूं कि सीमावर्ती इलाका हमारा है कुछ मतभेद होते है लेकिन इस तरह की स्टेटमेंट देना गलत है। भगवंत मान पर देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए। बिट्टू ने सीएम मान को नोटंकी बाज कहा। बिट्टू ने कहा कि सीएम मान के हालात ये बने हुए है कि इनकी पगड़ी कही जा रही होती और इनके अलफाज कही जा रहे। कुछ दिन पहले भगवंत मान दिल्ली आए थे। मंत्री सीआर पाटिल के सामने पानी के मुद्दे पर बात करते समय हर बात पर हाथ जोड़ रहे थे। भगवंत मान की मिन्नतें करते समय की रिकार्डिंग्स तक बाहर आई है।