तरनतारन: पंजाब सरकार हेल्थ कार्ड योजना के लिए आज (मंगलवार) से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। इसके लिए तरनतारन और बरनाला में कैंप लगाकर कार्ड बनाए जा रहे हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए लोगों को आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड के साथ अपनी एक पासपोर्ट साइज फोटो ले जानी होगी। एक कार्ड बनने में 10 से 15 मिनट का समय लग रहा है। साथ ही सिस्टम ठीक से काम न करने की वजह से कुछ लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। मुख्यमंत्री भगवंत मान का दावा है कि पंजीकरण की प्रक्रिया 10 से 15 दिनों में पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद यह योजना पूरे पंजाब में लागू होगी। इस योजना में हर साल 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
AAP के हलका इंचार्ज हरमीत सिंह संधू ने बताया कि आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा पंजाब को बहुत बड़ी सुविधा दी जा रही है। इसके तहत 10 लाख रुपए तक का बीमा कार्ड बनाया जा रहा है। जनता को हमेशा सरकार से यह उम्मीद रहती है कि वह उनके लिए क्या करेगी। यह योजना आज के समय की बहुत बड़ी आवश्यकता है। क्योंकि छोटे से इलाज का खर्च उठाना भी आसान नहीं रह गया है। प्रति परिवार 10 लाख रुपए का बीमा शुरू किया गया है। इसके लिए हम मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करते हैं। इस स्कीम में हर वर्ग के लोग शामिल हैं।