अमृतसर: पंजाब और हरियाणा के 4-4 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह और शाम के समय दोनों ही राज्यों में धुंध का ऑरेंज अलर्ट भी है। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते लगातार कोल्ड वेव से तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। हिमाचल के 5 जिलों में ठंड का येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर, पठानकोट, तरनतारन और गुरदासपुर में मौसम खराब रहेगा। हरियाणा में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में बारिश हो सकती है। दोनों राज्यों में 2 दिन ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
वहीं मौसम विभाग ने हिमाचल के कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। पांचों जिलों में तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है और हल्की धुंध भी रहेगी। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से कोहरे की वजह से रविवार को 7 उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं 10 उड़ानें लेट रहीं। रद्द होने वाली उड़ानों में चंडीगढ़-मुंबई, चंडीगढ़-पुणे, चंडीगढ़-दिल्ली, चंडीगढ़-जयपुर, चंडीगढ़-अहमदाबाद, चंडीगढ़-बेंगलुरु की फ्लाइट शामिल थी। एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइट अपने निर्धारित समय से तकरीबन 2 से 3 घंटे देरी से रवाना हुई। जबकि सात फ्लाइट 20 से 35 मीटर की देरी से गई।