ज़ीरकपुर (ढकोली): पंजाब सरकार की ₹10 लाख तक की स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत आम जनता को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से ढकोली क्षेत्र में विशेष स्वास्थ्य बीमा कैंप का शुभारंभ हो गया है। यह कैंप 10 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। यह विशेष कैंप डेराबस्सी हल्का विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से लगाया गया है, ताकि आम और जरूरतमंद परिवारों को सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। विधायक रंधावा लगातार अपने क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
यह कैंप ओमेगा रियल एस्टेट, एससीओ-42, डिस्पेंसरी के पास, ओल्ड अंबाला रोड, ढकोली, ज़ीरकपुर में लगाया गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर योजना का लाभ उठा रहे हैं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह योजना आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की दूरदर्शी सोच और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वार्ड नंबर-6 के इंचार्ज श्री मुकेश सैन ने जानकारी देते हुए बताया कि कैंप के दौरान पात्र परिवारों का ₹10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा बनाया जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे आधार कार्ड, वोटर कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर पूरे परिवार के साथ कैंप में पहुंचें और योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह कैंप आम जनता के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का एक सुनहरा अवसर है और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।

