चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के छठे दिन सदन में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। बहस और शोर-शराबे के बीच खैहरा का मामला विशेषाधिकार समिति को भेजने का प्रस्ताव पास किया गया। वहीं केंद्र सरकार की विदेश नीति के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी सदन से पारित किया गया।
इस दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने केंद्र सरकार की नीतियों और फंड रोकने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि बीजेपी के नेता पिछले दो दिनों से सदन में नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कितने कमजोर हैं, इसका अंदाजा मौजूदा हालात से लगाया जा सकता है। लड़ाई भारत पाक में हो रही है। युद्ध समाप्त होने की घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कर रहे हैं। मोगा रैली में गृहमंत्री अमित शाह से पूछेंगे कि पंजाब कर फंड क्यों रोका है।
कार्यवाही से जुड़े बड़े अपडेट्स…
- गृहमंत्री अमित शाह को घेरा: AAP ने भारत की विदेश नीति को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार को घेरा जा रहा है। गृहमंत्री अमित शाह की 14 मार्च को मोगा में रैली है। ऐसे में पूर्व विधायक व आप नेता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि पंजाब देशभक्तों की धरती है। अमित शाह बताएं किस मुंह से यहां पर आ रहे हैं।
- एंट्री पॉइंट पर विरासती गेट बनेंगे: डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने पूछा कि – क्या सरकार डेराबस्सी को गेटवे ऑफ पंजाब के रूप में विकसित करेगी। इस पर मंत्री तरूणप्रीत ने कहा कि पंजाब के जितने भी प्रवेश द्वार हैं, सारे एंट्री पॉइंट पर विरासती गेट बनेंगे।
- शिक्षामंत्री बोले- जल्दी ही लेक्चरर की भर्ती होगी: फाजिल्का से आम आदमी पार्टी के विधायक नरेंद्रपाल सवना ने अपने हलके के स्कूलों में शिक्षकों के खाली पडे़ पदों के बारे में जानकारी पूछी। शिक्षामंत्री हरजोत बैंस ने जवाब में कहा – रूरल स्कूलों में टीचरों की कमी है। जल्दी ही लेक्चरर की भर्ती होने वाली है। इससे यह अभी दूर हो जाएगी। वहीं प्रमोशन केस भी जल्दी होंगे। विधायक ने कहा – इन स्कूलों के टीचरों की ड्यूटियां इलेक्शन काम या अन्य हिस्सों में न लगाई जाए। इस पर शिक्षामंत्री ने कहा – हमने डीसी को आदेश दिए हैं कि टीचरों की डयूटियां न लगाने के लिए कहा गया है। वह अपने अपने इलाके के डीसी से बात कर सकते हैं।

