मोहाली: पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण मौसम अचानक बदल गया है। सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है, जिससे लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। पिछले 24 घंटों में तापमान में 2.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज (20 मार्च) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ बिजली गिरने, तेज हवाएं (40 से 50 किमी प्रति घंटा) चलने और ओले गिरने की संभावना है।
सबसे ज्यादा तापमान पठानकोट में 23°C दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में 20.8°C रहा। करीब दो साल बाद मार्च में चंडीगढ़ में इतनी ठंड देखने को मिली है। तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री नीचे चला गया है। लुधियाना में भी मार्च में ठंड ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार, 1976 में 20.7°C के बाद 19 मार्च को पहली बार तापमान गिरकर 20.4°C तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, मलेरकोटला, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), रूपनगर, मोहाली , फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, मोगा, बरनाला, बठिंडा में तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की संभावना है। जबकि लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर, पटियाला, मानसा, रूपनगर, मोहाली में हवाएं चलने का अलर्ट है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा में बारिश का अलर्ट है।
जालंधर में बादल छाए: जालंधर में रात से ही बादल छाए हुए हैं, मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है, ग्रामीण एरिया में बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है। कई जगह गेहूं की खड़ी फसल खेतों में ही बिछ गई है। जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
अमृतसर में रात में बारिश हुई: अमृतसर में बारिश के कारण ठंड बनी हुई है। सुबह के समय तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नमी अधिक होने के कारण ठंडक ज्यादा महसूस हुई। बीती रात बारिश होती रही। जिससे फसल को भी नुकसान हुआ है। हालांकि सुबह 10 बजे धूप निकल आई है।
पठानकोट में भी बादल छाए: पठानकोट में गुरुवार को भी आधी रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। जिससे मौसम काफी ठंडा हो गया। शुक्रवार की सुबह से बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। वहीं अधिकतम तापमान 23.1 और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बठिंडा में भी बारिश के आसार: बठिंडा में मौसम ठंडा बना हुआ है। हल्के बादल छाए रहने के साथ ही मौसम विभाग ने यहां भी बारिश की चेतावनी दी है।

