अमृतसर: पंजाब में मौसम बदल रहा है। पहाड़ों से ठंडी हवा आने की वजह से तापमान लगातार गिर रहा है। पिछले 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान 0.5°C कम हुआ है। न्यूनतम तापमान कई दिनों से सामान्य से नीचे चल रहा है, जिसकी वजह से राज्य का न्यूनतम तापमान अब करीब 5°C तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य के आसपास है। मानसा सबसे गर्म रहा, जहां 29.6°C तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में औसतन कोई बदलाव नहीं, लेकिन यह सामान्य से 2.5°C कम रिकॉर्ड किया गया। फरीदकोट इस समय सबसे ठंडा जिला है, जहां न्यूनतम तापमान 5.6°C दर्ज किया गया।
20 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क, नहीं होगी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस सप्ताह बारिश नहीं होगी। मौसम विभाग ने साफ संकेत दिया है कि प्रदेश में किसी तरह की महत्वपूर्ण वर्षा की संभावना नहीं है। 20 नवबर तक उत्तरी और पूर्वी जिलों में तापमान 24–26°C और बाकी पंजाब में 26-28°C के बीच रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर अधिकतम तापमान नॉर्मल के आसपास रहेगा। उत्तर और दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में न्यूनतम तापमान 6–8°C और अन्य क्षेत्रों में 8–10°C के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान ज्यादातर इलाकों में सामान्य से नीचे, जबकि कुछ केंद्र और पूर्वी जिलों में नॉर्मल के करीब रहने की उम्मीद है। ठंडी हवाएं अब महसूस होने लगी हैं और अगले एक हफ्ते तक पंजाब में शुष्क और हल्की सर्द मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

