जालंधर: पंजाब के जालंधर में आई लव मोहम्मद को लेकर हुए विवाद को लेकर हिंदू संगठनों ने श्रीराम (कंपनी बाग) चौक पर धरना लगा दिया है। सड़क पर टेंट गाड़कर हिंदू नेता हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को आज (4 अक्टूबर) सुबह 11 बजे तक का टाइम दिया गया था लेकिन अभी तक किसी को नहीं पकड़ा गया। इसलिए अब अनिश्चितकालीन धरना लगेगा। वहीं धरने को देखते हुए यहां भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। इस मामले में मुस्लिम नेता आयूब खान, नमीन खान और 2 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आयूब खान आम आदमी पार्टी (AAP) का नेता है और उसकी पत्नी बस्ती से पार्षद है।
एक साल पहले तक वह भाजपा में था। भाजपा ने उसे पंजाब में मुस्लिम विंग का इंचार्ज बनाया था, और उसकी यह नियुक्ति बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा स्टेट प्रधान थॉमस मसीह ने की थी। आयूब खान पहले कांग्रेस और अकाली दल में भी रह चुका है।
- अल्लाह हू अकबर सुन जय श्रीराम के नारे लगाए: शुक्रवार (3 अक्टूबर) शाम को यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब ऑल इंडिया उलेमा के सदस्य कमिश्नर दफ्तर में ज्ञापन देने जा रहे थे। इस दौरान पोस्ट ऑफिस के पास स्कूटी पर जा रहे योगेश नाम के एक युवक ने “अल्लाह हू अकबर” का नारा सुनकर भीड़ के बीच “जय श्रीराम” का जयघोष कर दिया।
- मुस्लिम युवकों पर धक्कामुक्की, मारपीट का आरोप: उसका आरोप है कि मुस्लिम युवकों ने उसकी स्कूटी को घेर लिया और उससे धक्कामुक्की की। योगेश ने यह भी आरोप लगाया कि उससे जबरन अल्लाह हू अकबर का नारा लगाने को कहा गया। उसे जान से मारने की धमकी दी गई। जब वह नहीं माना तो उससे मारपीट की गई। उसे झिंझोड़ा गया।
- हिंदू संगठनों ने चौक जाम किया, हनुमान चालीसा पढ़ी: इसका पता चलते ही हिंदू संगठन भड़क गए। उन्होंने पहले प्रेस क्लब चौक और फिर BMC चौक पर जाम लगा दिया। करीब साढ़े 4 बजे तक देर शाम तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। उनकी मांग पर पुलिस ने मुस्लिम पक्ष पर FIR दर्ज की, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने धरना खत्म किया। हालांकि उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने की शर्त पर प्रदर्शन हटाया था।
- मुस्लिम पक्ष की सफाई, मारपीट नहीं हुई: इस मामले में मुस्लिम पक्ष की तरफ से आल इंडिया उलेमा के चेयरमैन मोहम्मद अकबर अली ने कहा कि वे देश में मुस्लिमों से हो रहे भेदभाव के खिलाफ कमिश्नर दफ्तर में मेमोरेंडम देने जा रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें देखकर जय श्रीराम के नारे लगाए। मारपीट के आरोप झूठे हैं और हिंदू व्यक्ति की छीनी गई स्कूटी की चाबी वापस करवा दी गई थी।