मोहाली: पंजाब और चंडीगढ़ में आज से अगले 3 दिन लोगों को कड़ी ठंड का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग की तरफ से शीत लहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि मौसम ड्राई रहेगा। वहीं, अब अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी गिरना शुरू हो गया है। गत 24 घंटे में राज्य के न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे कम तापमान फरीदकोट में 4.3 डिग्री दर्ज किया गया है। आदमपुर में शीत लहर तो गुरदासपुर और पठानकोट में घना कोहरा दर्ज किया गया है। इस वजह से चंडीगढ़ एयरपोर्ट से जाने वाली 6 फ्लाइट तक प्रभावित हुई हैं।
आज इन जिलों में रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक आज पठानकोट, नवांशहर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में घना से बहुत घना कोहरा कुछ जगहों पर रहने की संभावना है। जबकि गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा में मौसम शुष्क रहने के साथ घना कोहरा रहने की संभावना है।

