मोहाली: पंजाब प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट सोसाइटी (पीपीडब्ल्यूएमएस) ने आनंदपुर साहिब और रूपनगर में सामुदायिक केंद्र सह पंचायत घर में प्लास्टिक कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक आनंदपुर साहिब के 10 गांवों के 50 से अधिक पंचायत मेंबर्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और महिला मंडलों को स्रोत अलगाव, एसयूपी के उपयोग को रोकने और मिशन लाइफ को अपनाने के बारे में जागरूकता दी गई। इस अवसर पर हरजीत सिंह अटवाल (एडवोकेट), मनदीप सिंह, संजीव कुमार जैलदार और सरपंचों ने इस पहल का समर्थन किया और प्रतिभागियों को अपना मार्गदर्शन दिया।
इस कार्यक्रम में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) की टीम के सदस्यों ने भी भाग लिया और प्रतिभागियों को प्रदूषण प्रबंधन के क्षेत्र में उनके व्यावहारिक अनुभव के बारे में जागरूकता प्रदान की।आईपीसीए की महाप्रबंधक डा. रीना चड्डा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व, मिशन लाइफ प्लास्टिक अपशिष्ट मुद्दों के बारे में जागरूकता प्रदान की और अटवाल और मनदीप के साथ सभी प्रतिभागियों को मुफ्त कपड़े के बैग/पर्चे वितरित किए। पीपीडब्ल्यूएमएस के अध्यक्ष प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि यह सेमिनार और गतिविधियां ग्रामीण स्तर पर सरपंच और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित समाज के सभी स्तरों पर सभी हितधारकों के लिए नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं। इससे प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन की दिशा में सभी लोगों द्वारा एक स्थायी कार्रवाई सुनिश्चित होगी, साथ ही पर्यावरण के रक्षक के रूप में कचरा संग्रहण के दौरान उनकी पर्यावरण सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

