पंजाब और चंडीगढ़ में दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश और पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की वजह से जनवरी जैसी सर्दी लौट आई है। 24 घंटे में तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य तापमान से 4.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। वहीं, आज से अगले दो दिन कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट है। पटियाला में 27.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
5 जिलों में आंधी व 19 में बारिश
आज राज्य के 5 जिलों में आंधी-तूफान और 19 में बारिश की संभावना है। इस दौरान पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। जबकि पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इस वजह से अचानक मौसम बदला
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के ऊपर बना मौसम का सिस्टम अब पश्चिम राजस्थान की तरफ खिसक गया है और जमीन से थोड़ा ऊपर सक्रिय है। इसके साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ भी चल रहा है, जो ऊंचाई पर हवाओं में हलचल पैदा कर रहा है। वहीं हरियाणा के ऊपर बना दूसरा सिस्टम अब कमजोर पड़ चुका है। इन सब वजहों से उत्तर भारत में मौसम बदल रहा है, कहीं बादल, कहीं बारिश और कहीं तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। आने वाले समय में मौसम थोड़ा अस्थिर रह सकता है।
पठानकोट व अमृतसर में बारिश रिकॉर्ड
18 मार्च को सुबह से शाम तक सबसे ज्यादा बारिश पठानकोट (4.5 मिमी) और अमृतसर (0.5 मिमी) में हुई। इसके अलावा लुधियाना और चंडीगढ़ में बस हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हुई, जिसे ‘ट्रेस’ बारिश कहा जाता है। कुल मिलाकर ज्यादा जगहों पर बारिश नहीं हुई, सिर्फ कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली।

