चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने पुलिस में बड़ा फेरबदल करते हुए 4 जिलों में नए SSP नियुक्त कर दिए हैं। इनमें अमृतसर रूरल में भी नया SSP लगाया गया है, जहां के SSP को गैंगस्टरों पर कार्रवाई न करने को लेकर सरकार ने सस्पेंड किया था। सरकार की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक बटाला के SSP सुहैल कासिम मीर अब अमृतसर रूरल के SSP होंगे। उनकी जगह पर SBS नगर के SSP मेहताब सिंह को बटाला लगाया गया है। विजिलेंस ब्यूरो के जॉइंट डायरेक्टर (क्राइम) तुषार गुप्ता को SBS नगर का नया SSP लगाया गया है। इंटेलिजेंस के AIG अभिमन्यु राणा मुक्तसर के नए SSP नियुक्त किए गए हैं। वहीं मुक्तसर के SSP अखिल चौधरी को ANTF का AIG लगाया गया है।

3 दिन पहले सस्पेंड हुए थे SSP मनिंदर सिंह
सरकार ने 3 दिन पहले अमृतसर रूरल के एसएसपी मनिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया था। सरकार का कहना था कि यह कार्रवाई जिले में बढ़ रही गैंगस्टर गतिविधियों और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई में असफलता के चलते की गई। मनिंदर सिंह 2019 बैच के IPS अफसर हैं। अमृतसर रूरल के SSP से पहले वह पुलिस कमिश्नरेट अमृतसर में ही असिस्टेंट कमिश्नर (ACP) के तौर पर तैनात थे। इसके अलावा वह तरनतारन में SP और पंजाब के गवर्नर के ADC रह चुके हैं।

