चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले दो दिन से मौसम बदला हुआ है। रुक-रुक कर बारिश होने की वजह से मौसम ठंडा हो गया है। तापमान में 5.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है और अब यह सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे पहुंच गया है। पठानकोट में शनिवार को तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग ने आज भी आंधी-तूफान, बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाएं 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं, पटियाला में 32.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज 22 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान 8 जिलों में ओलावृष्टि के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है, जबकि 14 जिलों में आंधी और बिजली की संभावना है। इन जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। जबकि अन्य 14 जिलों में आंधी चलने की संभावना है। इनमें अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर शामिल हैं।
पठानकोट में हुई सबसे अधिक बारिश
पठानकोट जिले में सबसे ज्यादा बारिश थेन बांध पर 9.5 मिमी और केवीके पठानकोट में 1.5 मिमी दर्ज की गई। फाजिल्का के अबोहर में 4.0 मिमी बारिश हुई। रूपनगर में भाखड़ा बांध पर 1.5 मिमी और श्री आनंदपुर साहिब में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। अमृतसर में 1.2 मिमी और फिरोजपुर में 1.0 मिमी बारिश हुई। वहीं, चंडीगढ़, लुधियाना और पटियाला में बारिश तो हुई, लेकिन इसकी मात्रा बहुत कम (ट्रेस) रही।

