चंडीगढ़: पंजाब में 24 घंटे खुले रहने वाले सरकारी अस्पतालों में अब डॉक्टरों और सेहत मुलाजिमों से होने वाले मारपीट के केसों पर रोक लगेगी। सरकार ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत 23 जिला अस्पतालों में 200 सिक्योरिटी गार्ड तैनात करने का फैसला लिया है। यह तैनाती पंजाब एक्स सर्विसमैन कॉर्पोरेशन (PESCO) के तहत की जाएगी। इस महीने के अंत तक सारी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अगर यह प्रोजेक्ट कामयाब रहता है तो अन्य अस्पतालों में भी इसे लागू किया जाएगा। वहीं, इस फैसले से डॉक्टरों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि इससे लोगों को काफी फायदा होगा। यह स्टाफ इमरजेंसी में तैनात रहेगा।
हर 10वें दिन डॉक्टरों से मारपीट
पंजाब के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के साथ इमरजेंसी में मारपीट के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अगर दो सालों की बात करें तो डॉक्टरों के साथ अस्पतालों में मारपीट के लगभग 80 केस आ चुके हैं। हर 10वें दिन एक केस आता है। डॉक्टरों की मानें तो यह स्थिति बॉर्डर एरिया के जिलों में ही नहीं बल्कि वीआईपी जिले मोहाली में भी आ चुकी है। वहीं, कई बार तो इस वजह से डॉक्टर अपना काम भी उचित तरीके से नहीं कर पाते हैं। उन्हें अपनी सुरक्षा का डर सताने लगता है।

