फाजिल्का: पंजाब के फाजिल्का में पूर्व भाजपा मंत्री सुरजीत ज्याणी ने दावा किया है कि उनके तार सीधे भगवान से जुड़े हुए हैं और उनकी सीधी बातचीत होती है। वह जिसके सिर पर हाथ रख देते हैं, वो विधायक बन जाता है। उन्होंने कहा कि उनसे बस एक गलती हुई कि उन्होंने फाजिल्का से आम आदमी पार्टी के नरेंद्रपाल सवना के सिर पर हाथ रख दिया, जो अब विधायक बन गए।
ज्याणी के इस बयान पर AAP नेता और नरेंद्रपाल सवना के करीबी प्रिंस खेड़ा ने कहा कि मौजूदा AAP विधायक नरेंद्रपाल सवना जब भाजपा अकाली दल की सरकार में सुरजीत ज्याणी के साथ थे, तब सुरजीत ज्याणी ने ही उनके सिर पर हाथ रखा था और कहा था कि वह विधायक बनेंगे। आज उन्हें बर्दाश्त नहीं हो रहा।
- भगवान से जुड़े तार: पूर्व मंत्री सुरजीत ज्याणी ने यह बयान 19 दिसंबर को डीसी दफ्तर पर प्रदर्शन के दौरान दिया था। जिसका वीडियो अब सामने आया है और सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें उन्होंने कहा कि उनके तार सीधे भगवान से जुड़े हुए हैं। वह जिसके सिर पर हाथ रख देते हैं वह विधायक बन जाता है।
- शेर सिंह के सिर हाथ रखा, वो सांसद बन गया: उन्होंने कहा कि सांसद शेर सिंह घुबाया के सिर पर उन्होंने हाथ रखा था। वह विधायक बने, फिर सांसद बन गए। फिर उनके बेटे दविंदर घुबाया जिसे बोलना भी नहीं आता था, उसके सिर पर हाथ रखा तो वह भी विधायक बना गया।
- सवना के सिर पर हाथ रखकर गलती की: उन्होंने कहा कि मौजूदा AAP विधायक नरेंद्रपाल सवना जब उनके साथ थे, तो उन्होंने उसके सिर पर हाथ रखा था। लेकिन वह गलती कर बैठे, आज नरेंद्रपाल सवना विधायक तो बन गए, लेकिन कानून व्यवस्था चरमरा गई है। इलाके में लगातार चोरियां हो रही है। लोगों को इंसाफ नहीं मिल रहा।
AAP नेता ने माना- सवना के कंधे पर हाथ रखा था
उधर, AAP नेता मनजोत खेड़ा प्रिंस ने ज्याणी की बात को कबूल किया। उन्होंने कहा कि सुरजीत ज्याणी ने नरेंद्रपाल सवना के कंधे पर हाथ रख कहा था कि जितनी मेहनत नरेंद्रपाल सवना कर रहा है। वह एक दिन विधायक बनेगा और आखिरकार वह विधायक बन ही गए। हालांकि, उन्होंने सुरजीत के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आज भाजपा को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा।

