अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड के चौथे दिन उनके शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की निगरानी में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी हो रही है। शव को आज (मंगलवार) सुबह करीब 10 बजे EMC अस्पताल से सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी लाया गया। अफसर के सुसाइड के बाद से ही उनकी डेडबॉडी EMC में रखी गई थी। अब दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार भी किया जाएगा। इधर, अमृतसर पुलिस इस मामले के आरोप पट्टी के विधायक व पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को अमृतसर कोर्ट में पेश करने वाली है। अफसर ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें आत्महत्या के लिए भुल्लर को ही जिम्मेदार ठहराया था।
केस CBI को देने की मांग कर रहा परिवार
DM रंधावा का परिवार लगातार मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग कर रहा है। हालांकि, अभी तक सरकार और अमृतसर प्रशासन ने उनकी इस मांग को माना नहीं है। सोमवार को यह मुद्दा लोकसभा में उठा था। वहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया था कि अगर पंजाब के सांसद लिखकर देते हैं तो मामले की जांच CBI को जरूर सौंपी जाएगी।
