कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मशहूर पंजाबी सिंगर व एक्टर हरभजन मान की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। वह सोमवार सुबह दिल्ली में शो कर चंडीगढ़ लौट रहे थे। जब उनकी पजेरो गाड़ी दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर पिपली फ्लाईओवर पर पहुंची तो अचानक सामने गाय आ गई। गाड़ी गाय से टकराने के बाद डिवाइडर से जा टकराई और फिर पलट गई। आसपास के लोगों ने तुरंत हरभजन को बाहर निकाला। हादसे में वह बाल-बाल बच गए। उनके सुरक्षाकर्मी को हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटना के कुछ देर बाद हरभजन मान दूसरी गाड़ी से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए।
सब्जी विक्रेता ने हरभजन को बाहर निकाला
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 5 बजे हाईवे पर एक गाड़ी के सामने गाय आ गई। गाड़ी गाय से टकराकर डिवाइडर से जा टकराई और फिर हाईवे पर ही पलट गई। उस दौरान वहां से सब्जी विक्रेता सुरजीत कुमार गुजर रहा था। हादसे के तुरंत बाद वह मौके पर पहुंचा और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
बाहर निकले लोगों ने बताया कि यह गाड़ी पंजाबी सिंगर हरभजन मान की है। इसके बाद वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने हरभजन मान को संभाला, लेकिन वह ठीक थे। उनके सुरक्षाकर्मी को थोड़ी चोटें आई थीं। फिर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। कुछ देर बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद दूसरी गाड़ी से हरभजन मान चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए।