पंचकूला: पंचकूला जिले के पिंजौर क्षेत्र के गांव जोधपुर में स्थित प्लांटे पैराडाइज नामक ऑनलाइन प्लांट नर्सरी में आज सुबह आग लग गई। इस घटना में नर्सरी के ऑफिस और स्टोर रूम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि पॉलीफॉर्म में लगे पौधे सुरक्षित बच गए। नर्सरी के मालिक मनीद सिंह ने बताया कि आग सबसे पहले ऑफिस में लगी और देखते ही देखते स्टोर रूम तक फैल गई। आग की चपेट में आने से ऑनलाइन वेबसाइट चलाने के लिए रखे कंप्यूटर, कैमरा सहित आईटी उपकरण जल गए। इसके अलावा, स्टोर रूम में रखा पैकिंग मैटेरियल और खाद भी नष्ट हो गया।

शॉर्ट सर्किट और ट्रांसफार्मर धमाके की आशंका
मनीद सिंह ने आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। स्थानीय लोगों ने उन्हें यह भी जानकारी दी कि घटना से पहले ट्रांसफार्मर में धमाका हुआ था। आग लगने की सूचना तुरंत फायर स्टेशन को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
पौधे सुरक्षित, बड़ा नुकसान टला
गनीमत रही कि आग पॉलीफॉर्म में लगे पौधों तक नहीं पहुंची। इससे एक बड़ा नुकसान टल गया और नर्सरी के लाखों रुपए के पौधे आग की चपेट में आने से बच गए। फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

