चरखी दादरी: हरियाणा में आज पूरे दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने 5 जिलों में तेज बारिश के आसार जताए हैं। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। अंबाला और फतेहाबाद के जाखल में बारिश हो रही है, वहीं महेंद्रगढ़ और जींद में अलसुबह से बूंदाबांदी जारी है।
बाकी 14 जिलों में भी मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। IMD ने अगले 4 दिनों तक प्रदेश में बारिश होने का अनुमान जताया है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, 5 अगस्त तक मानसून एक्टिव रहेगा। गुरुवार को हिसार, गुरुग्राम, पानीपत, फरीदाबाद और सोनीपत में तेज बारिश हुई। इससे गुरुग्राम की सड़कों पर जलभराव हुआ, कारें डूब गईं और भैंसें तैरती नजर आईं। हिसार में विधायक सावित्री जिंदल के घर और पानीपत में विधायक प्रमोद विज के घर में पानी घुस गया।
इसी बीच, करनाल में कैथल रोड पर असंध निवासी दंपती की क्रेटा कार पश्चिमी यमुना नहर में गिर गई। महिला का शव बरामद हो गया, जबकि उसका पति अभी तक लापता है। इसके साथ ही फतेहाबाद की बीघड़ रोड पर करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई, वहीं नूंह में सरकारी दफ्तरों और महिला थाने में पानी भर गया। यहां एक मकान गिरने से चार-पांच लोग घायल भी हो गए।