यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में तांत्रिक सिद्धि के लिए बहन और बहनोई ने 4 साल के मासूम की बलि ले ली। बच्चे को पहले किडनैप कर घर में रखा और फिर रात को श्मशानघाट में ले जाकर तंत्र-मंत्र के बाद उसका गला घोटकर मौत के घाट उतार दिया। पकड़े जाने के डर से शव रात को ही पास के गांव में ट्यूबवेल के पास नाले में फेंक दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी जीजा ने अपनी तांत्रिक शक्तियां बढ़ाने के लिए बच्चे की जान ली। वह बलि देने के लिए इकलौते बेटे की तलाश में था। मृतक प्रिंस (4) भी 5 बहनों के बीच इकलौता बेटा था। आरोपियों की पहचान जोगिंदर नगर के रहने वाले शिवकुमार उर्फ सोनी और उसकी पत्नी भारती के रूप में हुई है। वारदात में 2 नाबालिग भी शामिल थे, जोकि अभी गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

- बच्चे की गुमशुदगी की शिकायत मिली, अगले दिन मिला शव: DSP रजत गुलिया ने बताया कि 30 जुलाई 2025 की शाम को कामी माजरा के रहने वाले रविंदर ने शिकायत दी थी कि उनका 4 साल का बेट प्रिंस लापता हो गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। इसके बाद अगले दिन सदर थाना पुलिस को सूचना मिली कि करीब दो किलोमीटर दूर पांसरा गांव में ट्यूबवेल के पास नाले में बच्चे का शव मिला है।
- पोस्टमॉर्टम में गला घोटने की बात सामने आई: सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची तो उसकी पहचान प्रिंस के रूप में हुई। इसी की गुमशुदगी की रिपोर्ट इसके पिता ने लिखवाई थी। जब इस बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया तो डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की मौत गला घोटने के कारण हुई है। इसके बाद केस में मर्डर की धाराएं जोड़ी गईं और जांच सीआईए टीम को मिली।

- जीजा से पूछताछ की तो मर्डर कबूला: DSP ने बताया कि इस मामले में पुलिस को बच्चे के रिश्तेदारों पर ही शक था। रविवार, 4 जनवरी को हमें कुछ तथ्य मिले, जिसके बाद हत्या का शक बच्चे के जीजा शिवकुमार (ताऊ का दामाद) पर गया। उससे जब हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने मर्डर कबूल कर लिया।
- बहन को भी पकड़ा: पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शिवकुमार उर्फ सोनी जोगिंदर नगर का रहने वाला है। उसने वारदात में अपनी पत्नी भारती (मृत बच्चा इसका चचेरा भाई था) की भी संलिप्तता बताई। साथ ही इसमें 2 नाबालिगों का भी हाथ बताया।

