तेल अवीव/तेहरान: इजराइल-अमेरिका और ईरान जंग का आज तीसरा दिन है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान से जंग 4-5 हफ्ते तक चल सकती है, लेकिन अमेरिका के पास इससे ज्यादा समय तक कार्रवाई करने की क्षमता है। व्हाइट हाउस में दिए बयान में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी सेना अभी भी ईरान में बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई कर रही है। इससे पहले CNN को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा अमेरिका ने अभी पूरी ताकत से हमला शुरू नहीं किया है। ईरान पर अभी सबसे बड़ा हमला बाकी है। अमेरिका के पास दुनिया की सबसे बड़ी सेना है और उसका इस्तेमाल किया जा रहा है।
ईरान ने जंग के तीसरे दिन सोमवार को मिडिल-ईस्ट के 4 देशों में 6 अमेरिकी बेस पर हमला किया। कुवैत में अमेरिका के 3 फाइटर जेट क्रैश हो गए हैं। अमेरिका ने कहा कि कुवैत ने इन फाइटरजेट्स को दुश्मन का विमान समझकर निशाना बनाया। सभी अमेरिकी पायलट सुरक्षित हैं। दूसरी ओर ईरान के टॉप नेशनल सिक्योरिटी अधिकारी अली लारीजानी ने सोमवार को कहा कि ईरान अमेरिका से कोई बातचीत नहीं करेगा। यह बयान उन खबरों के जवाब में आया है, जिनमें कहा गया था कि ईरान ने अमेरिका से फिर से बातचीत शुरू करने की कोशिश की है।

