चंडीगढ़: हरियाणा में आज हल्की से तेज बारिश का अलर्ट है। ज्यादातर जिलों में धूप नहीं निकली है। कुछेक जिलों में धूप के साथ बादल भी छाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने दोपहर सवा 12 बजे तक 8 जिलों, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, कैथल और पंचकूला में हल्की से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल में लगातार बारिश के बाद अंबाला की टांगरी नदी में लगभग 40 हजार क्यूसेक पानी आने की संभावना के बाद प्रशासनिक टीमें अलर्ट पर हैं। एहतियात के तौर पर टांगरी के किनारे चल रहे DAV स्कूल में छुट्टी करा दी गई है।
अंबाला कैंट के एसडीएम विनेश कुमार ने कहा कि प्रशासनिक टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं बीती रात फरीदाबाद में ड्रेन में एक कार गिर गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। जहां उसे भी मृत घोषित कर दिया गया। वही, यमुनानगर के चिंतपुर गांव में रात को सोम नदी का पानी बाहर निकलकर गांव में घुस गया। कई घरों में पानी भर गया और घर का सामान भी खराब हो गया। लोग अब पानी निकालने और नुकसान कम करने में लगे हुए हैं। इस सीजन में सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में हुई है और यहां आंकड़ा 900 एमएम के करीब पहुंच चुका है, जबकि सिरसा में सबसे कम बारिश दर्ज हुई है।