पंचकूला। पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल ने कहा कि जब उन्होंने कार्यभार संभाला था, उस समय नगर निगम के पास लगभग 100 करोड़ रुपये थे, जबकि अब उनके कार्यकाल के अंत में 250 करोड़ रुपये की एफडीआर नगर निगम को सौंपकर जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 40 करोड़ रुपये की राशि सरकार से भी प्राप्त हुई है। इन पांच सालों में हमने 400 करोड़ रुपये के विकास कार्य भी करवाए हैं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महापौर ने बताया कि अपने पांच साल के कार्यकाल में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से 1030 से अधिक विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि इस कार्यकाल में पंचकूला नगर निगम का अपना कार्यालय बन जाए, लेकिन कानूनी अड़चनों के कारण यह संभव नहीं हो सका। इसके बावजूद विकास की दृष्टि से पंचकूला ने उल्लेखनीय प्रगति की है और जनता का भरपूर सहयोग मिला।
इस अवसर पर कुलभूषण गोयल ने अपने कार्यकाल की 10 मिनट की डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की, जिसमें शहर में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों को दर्शाया गया। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन व्यवस्था रही, जिससे शहर में एक किलो कूड़ा भी इकट्ठा नहीं होने दिया गया। झूठी वाला और सेक्टर-23 में गिराए जा रहे कूड़े का भी समुचित निस्तारण कराया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने महापौर के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में बेसहारा गायों को गौशालाओं में पहुंचाया गया, शहर के पार्कों में 20 करोड़ रुपये की लागत से लाइटें लगवाई गईं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में धर्मशालाएं, सामुदायिक केंद्र और स्ट्रीट लाइटों का कार्य कराया गया। उन्होंने कहा कि इतने कार्यों को 10 मिनट की डॉक्यूमेंट्री में समेटना संभव नहीं, इसके लिए कम से कम दो घंटे चाहिए।
कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कुलभूषण गोयल के सफल कार्यकाल के लिए उन्हें बधाई दी और कहा कि वह चाहती हैं कि उन्हें दूसरी इनिंग भी मिले ताकि पंचकूला का विकास निरंतर जारी रहे। कुलभूषण गोयल के कार्य बताते हैं कि वह विकास के प्रति कितने सजग हैं।
हरियाणा भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया ने कहा कि कुलभूषण गोयल एक ईमानदार और निष्पक्ष महापौर रहे हैं, जिन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य करवाए। उन्होंने सेक्टर-19 में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे रेलवे अंडरब्रिज और ओवरब्रिज को एक ऐतिहासिक कार्य बताया, जिसे पूर्व की सरकारों ने नजरअंदाज किया था। इसके अलावा सेक्टर-19 के पुराने सामुदायिक केंद्र को तोड़कर नया केंद्र बनवाना भी सराहनीय कदम रहा।
प्रेस वार्ता में पार्षद जयकुमार कौशिक, नरेंद्र लुबाना, रितु गोयल, सोनिया सूद, ओमवती पूनिया, सुनीत सिंगला, सुशील गर्ग, राकेश कुमार, हरेंद्र मलिक, सोनू बिड़ला, सुरेश कुमार वर्मा सहित अन्य पार्षदों ने भी कुलभूषण गोयल के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए कहा कि उनका कार्यकाल बेदाग रहा और सभी वार्डों में बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए गए।

