हिसार: हरियाणा की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है। आज इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से होने वाली मुलाकात प्रदेश की राजनीति को बदल सकती है। अभय सिंह चौटाला दिल्ली के छतरपुर स्थित फॉर्म हाउस जाकर जगदीप धनखड़ से मुलाकात कर ताऊ देवीलाल की जयंती पर रोहतक में हो रही रैली का निमंत्रण देंगे। इनेलो के वरिष्ठ नेता उमेद लोहान ने इसकी पुष्टि की है। उम्मीद जताई जा रही है कि ताऊ देवीलाल को अपना आदर्श मानने वाले जगदीप धनखड़ इस निमंत्रण को स्वीकार कर सकते हैं। वहीं कांग्रेस नेता पूर्व वित्त मंत्री संपत सिंह ने भी अभय सिंह चौटाला के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए रोहतक रैली में जाने का फैसला कर लिया है। अगर ऐसा हुआ तो भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस की राजनीति को झटका लग सकता है। बता दें कि रोहतक में 25 सितंबर को पूर्व प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की जयंती पर इनेलो प्रदेश स्तरीय रैली कर रही है।
संपत सिंह के कांग्रेस से जाने की अटकलें
हरियाणा में कांग्रेस के नेता एवं कुमारी सैलजा के करीबी संपत सिंह जल्द इनेलो में शामिल हो सकते हैं। वह ताऊ देवीलाल की जयंती पर आयोजित रैली में शामिल होंगे। संपत सिंह ने खुद इसको कंफर्म किया है और कहा कि अभय सिंह चौटाला खुद उनको रैली का निमंत्रण देने उनके घर आए थे। उन्होंने कहा कि वह ताऊ देवीलाल को अपना राजनीतिक गुरु एवं आदर्श मानते हैं, इसलिए वह उनको श्रद्धांजलि देने कार्यक्रम में जाएंगे। वहीं संपत सिंह के ऐलान के बाद उनके इनेलो में शामिल होने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।