चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर ब्लास्ट का मामला सुलझ गया है। पंजाब डीजीपी ने इस मामले में 5 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। एक ग्रेनेड और हथियारों का जखीरा भी बरामद किया गया है। DGP गौरव यादव ने कहा- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ जॉइंट ऑपरेशन किया। इसमें 1 अप्रैल को चंडीगढ़ में पंजाब BJP हेडक्वार्टर के बाहर ब्लास्ट की पूरी साजिश को बेनकाब किया। उसके साजिशकर्ताओं को आइडेंटिफाई कर लिया गया है। इसमें 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार हुए आरोपियों में बलविंदर लाल उर्फ शम्मी, जसवीर सिंह उर्फ जस्सी, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी, रूबल चौहान और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा शामिल हैं। वहीं, इस हमले के मुख्य आरोपी गुरतेज सिंह और अमनप्रीत सिंह अभी फरार हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस छापे मार रही है। DGP ने कहा- एक ग्रेनेड और कुछ कारतूस के साथ सामान बरामद किया गया है। इस पूरी साजिश के तार पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे हैंडलर्स के साथ जुड़े हैं, जिनकी शिनाख्त कर ली गई है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की पंजाब में अफरातफरी फैलाने की कोशिश थी। उसे नाकाम कर दिया गया है।

