चंडीगढ़: चंडीगढ़ के लोगों की जेब पर एक अप्रैल से अधिक बोझ पड़ने वाला है। पानी से लेकर डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन के चार्ज बढ़ने वाले हैं। वाटर टैरिफ में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा सीवरेज सेस भी बढ़ेगा। साथ ही डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन चार्ज में भी पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी हो जाएगी। इसके अलावा कम्युनिटी सेंटर बुकिंग, शराब और नगर निगम संपत्तियों के किराए भी महंगे होंगे। अब 500 रुपए की बोतल करीब 10 रुपए महंगी हो जाएगी, जबकि 2000 रुपए की बोतल अब करीब 40 रुपए बढ़कर 2040 रुपए में मिलेगी। वहीं अब डिपार्टमेंटल स्टोर में भी शराब की बिक्री होगी।
पानी के टैरिफ में 5 फीसदी की बढ़ोतरी
पानी के टैरिफ की हर स्लैब में पांच फीसदी की बढ़ोतरी हो रही है। यह चार्ज बिल में पांच प्रतिशत बढ़कर आएगा। हालांकि यह हर साल रिवाइज होते हैं। अभी 0-15 किलोलीटर (एक किलोलीटर में एक हजार लीटर) पानी पर प्रति किलोलीटर 3.47 रुपए खर्च आता है जो बढ़कर 3.64 रुपए प्रति किलोलीटर हो जाएगा। 60 किलोलीटर से अधिक पर 24.31 रुपए प्रति किलोलीटर खर्च बिल में जुड़कर आने लगेगा। कम पानी खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को मामूली अतिरिक्त खर्च वहन करना होगा। जैसे पहली 0-15 किलोलीटर की स्लैब में 15 पैसे की बढ़ोतरी से तीन से पांच रुपए ही अधिक चुकाने होंगे।
घरों की एरिया के अनुसार चार्ज
पहली अप्रैल से गारबेज कलेक्शन चार्ज भी सभी कैटेगरी में पांच प्रतिशत तक बढ़ गया है। दो मरला तक के घरों का गारबेज कलेक्शन चार्ज 57.88 रुपए से बढ़कर 60.77 रुपए हो जाएगा। दो मरला से 10 मरला तक के घरों का चार्ज 115.76 रुपए से बढ़कर 121.55 रुपए होना है। 10 मरला से एक कनाल तक के घरों को पहली अप्रैल से 231.53 रुपए की जगह 243.11 रुपए अदा करने होंगे। इसी तरह एक कनाल से दो कनाल तक के घरों का शुल्क 289.38 रुपए से बढ़कर 303.85 रुपए हो जाएगा। वहीं दो कनाल से अधिक एरिया के घरों के लिए गारबेज कलेक्शन चार्ज 405.09 रुपए से बढ़कर 425.34 रुपए होना है।
कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग महंगी होगी
पहली अप्रैल से कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग भी महंगी होगी। इसमें कैटेगरी के हिसाब से कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग रेट बढ़ने हैं। पांच से दस प्रतिशत की वार्षिक बढ़ोतरी बुकिंग में हो जाएगी।
शराब होगी महंगी, ठेके बदलेंगे
पहली अप्रैल से नई आबकारी नीति भी लागू हो जाएगी। इसके बाद शराब के रेट भी नई आबकारी नीति के हिसाब से ही लागू होने हैं। हालांकि शराब के रेट में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। केवल दो प्रतिशत रेट ही बढ़ाने प्रस्तावित किए गए हैं। शराब के नए ठेकों का आवंटन होने के बाद पहली अप्रैल से यह शुरू हो जाएंगे। पहली अप्रैल से बूथ, शॉप और नगर निगम की दूसरी संपत्ति के किराए में भी पांच से दस प्रतिशत की बढ़ोतरी हो जाएगी।
