चंडीगढ़: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेस 2 राम दरबार में देर रात खाना बनाते हुए अचानक सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने के कारण खाना बना रहा 35 वर्षीय अमरजीत सिंह जख्मी हो गया। रसोई में आग फैल गई। इसकी सूचना आसपास में रहने वाले लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को दी। इसके बाद दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। फिलहाल ज्यादा नुकसान होने से बच गया। जैसे ही सिलेंडर फटा उसकी तेज आवाज के कारण इलाके में एकदम से दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकाल कर इसे देखने लगे। एक बार तो लोगों को समझ में नहीं आया कि अचानक से यह ब्लास्ट की आवाज कहां से आई है। बाद में जब लोगों ने रसोई में आग लगी देखी तो लोगों को कुछ समझ में आया।
फटने के कारणों का नहीं चला पता
अमरजीत सिंह ने बताया कि वह हर रोज की तरह रसोई में खाना बना रहा था। तभी अचानक से यह सिलेंडर फट गया। इसके फटने की वजह तो अभी नहीं पता चल पाई है। लेकिन गैस कंपनी को इसकी सूचना दे दी गई है। कंपनी के कर्मचारी आज मौके पर आकर इसके कारणों की जांच करेंगे। तभी पता चल पाएगा कि सिलेंडर के फटने की वजह क्या रही है।

