चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट के हॉस्टल में छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान नोएडा की रहने वाली निधि (22) के रूप में हुई है। मृतका के शव को पुलिस ने GMSH की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। निधि नोएडा से यहां पर होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के लिए आई हुई थी। वह होटल मैनेजमेंट की थर्ड ईयर की छात्रा थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को उसके कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है लेकिन पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस ने निधि के परिजनों को घटना की जानकारी दी है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
हॉस्टल स्टाफ ने पुलिस को किया सूचित
मंगलवार सुबह से निधि का कमरा बंद था। जब इसके बारे में वहां पर मौजूद हॉस्टल स्टाफ को पता चला तो उन्होंने कमरे को खुलवाने की कोशिश की लेकिन काफी कोशिश के बाद कमरे के अंदर से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। इसके बाद पुलिस थाने को इसकी सूचना दी। थाना सेक्टर 36 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा। तब जाकर पता चला कि लड़की ने अंदर फंदा लगा रखा है।

