चंडीगढ़ में सेक्टर-22 स्थित सबसे बड़ी मोबाइल मार्केट में शोरूम से चोरी हो गई। अकेले चोर ने 10 लाख रुपए के मोबाइल चोरी कर लिए। मार्केट में उसने शोरूम के भीतर बनी कई दुकानों खंगाली। अंदर रखे कई महंगे मोबाइल चोरी कर लिए। इसके बाद दुकानों के लॉकर तोड़कर नकदी भी चुरा ली।
शोरूम मालिक का कहना है कि दुकानों की देखरेख के लिए उन्होंने एक केयर टेकर रखा हुआ है। यही दुकान का सारा काम देखते हैं। इनकी सूचना पर ही उन्हें चोरी के बारे में पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर जांच शुरू कर दी है।
अब इस घटना से जुड़ी एक वीडियो भी सामने आई है। चोर दुकान में घुसते ही परफेक्ट लोकेशन पर पहुंचकर सामान उठाता है, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोर पहले से भी दुकान से परिचित हो सकता है।
ब्लैक कलर का मास्क लगाकर घुसाः चोरी की पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो में एक व्यक्ति व्हाइट कलर की पैंट, जर्सी और व्हाइट कैप लगाकर दुकान में एंट्री करता है। आरोपी ने अपने मुंह पर ब्लैक कलर का कपड़ा भी बांध रखा है।
कई बार कैमरों की ओर देखता रहा: चोर शोरूम की दुकान में घुसते ही कई बार सीसीटीवी कैमरे की ओर देखता है। वह सीधे दुकान में बने लॉकर के पास जाता है। ऐसा लग रहा कि वह पहले से ही दुकान से परिचित हो। उसे कैमरों की लोकेशन के बारे में सटीक जानकारी थी।
सीधे लॉकर के पास पहुंचा चोरः नकदी चुराने के बाद आरोपी शोरूम के अंदर बनी दुकानों में घुसता है। इसके बाद मोबाइल चोरी कर फरार हो जाता है। दुकान मालिक का कहना है कि शोरूम से नकदी सहित करीब 10 लाख रुपए की चोरी हुई है।

