चंडीगढ़: पंजाब के कुख्यात व सबसे अमीर गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का समाज सेवा का शौक जाग गया है। जग्गू और उसके ऑस्ट्रेलिया में रहते भाई मन्नू भगवानपुरिया ने गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में 100 जोड़ों की सामूहिक शादी कराई।
यह कार्यक्रम जग्गू और मन्नू के दिवंगत पिता सविंदर सिंह और माता हरजीत कौर की याद में कराया गया। यह पहली बार है, जिसमें जग्गू के नाम से इस तरह का कार्यक्रम कराया गया है। जग्गू इस वक्त जेल में बंद है।
यह मामला अब राजनीतिक रंगत भी लेता जा रहा है। गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद व पूर्व डिप्टी CM सुखजिंदर रंधावा ने सवाल खड़े किए कि यह कार्यक्रम क्या उगाही के पैसों से हुआ है? पुराने समय में भी डाकू पहले लूटपाट करते थे, इसके बाद वही पैसा लोगों में बांट देते थे।
कई संप्रदायों के प्रमुख कार्यक्रम में पहुंचे
गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में मंगलवार को सामूहिक शादी समारोह हुआ। इसमें बोर्ड लगा हुआ था, जिसमें गैंगस्टर जग्गू के साथ उसके भाई मन्नू और दिवंगत माता-पिता की फोटो लगी हुई थी। शादी में 25 जोड़े ईसाई समुदाय से थे। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों को फर्नीचर और घर की जरूरत का सामान भी दिया गया।
कार्यक्रम में निहंग संगठनों के साथ अलग-अलग संप्रदायों के प्रमुख भी पहुंचे।
कार्यक्रम में पहुंचे अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के अजनाला हलके के इंचार्ज सुरिंदर पाल सिंह ने कहा कि जग्गू भगवानपुरिया का कराया ये कार्यक्रम बहुत शानदार रहा। जरूरतमंद लोगों के लिए यह एक बहुत अच्छा प्रयास है। सरकार को इससे सीख लेनी चाहिए।

