गुरुग्राम: मौसम विभाग ने हरियाणा में मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे तक भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 40 हजार किसानों की ढ़ाई लाख एकड़ फसल का नुकसान हो चुका है। इसे देखते हुए सरकार ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। बारिश के बाद कई जिलों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जिसको देखते हुए 6 जिलों में स्कूल बंद किए जा रहे हैं।
गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम, स्कूल बंद: गुरुग्राम में सिग्नेचर टॉवर चौक का अंडरपास बारिश के बाद लीक हो गया। यहां द्वारका एक्सप्रेसवे समेत कई सड़कों पर भारी जलभराव हो गया। जिसके बाद DC ने सभी कंपनियों को निर्देश दिए कि वह वर्क फ्रॉम होम कराएं। इसके अलावा स्कूलों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे फिजिकल क्लास के बजाय ऑनलाइन क्लासेज शुरू करें। बारिश के बाद सोमवार शाम को गुरुग्राम में भारी जाम लगा। सभी सड़कें जाम हो गईं। NH-48 पर करीब 6 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। इसके बाद रात करीब 11 बजे DC और CP को भी फील्ड में उतरना पड़ा। इसके बाद भी स्थिति बेकाबू रही।
- यमुनानगर में यमुना का पानी सड़कों पर, श्मशान बहा: सोमवार को बारिश की वजह से यमुनानगर में यमुना नदी उफान पर है। इससे नदी का पानी सड़कों पर आ गया है। यहां सोम नदी उफान पर आ गई। जिससे गांव रुकाली का श्मशान घाट नदी में बह गया। यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे यमुना का पानी बढ़ा हुआ है। हालात देखते हुए यमुनानगर के छछरौली ब्लॉक में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
- फरीदाबाद में बर्थडे पार्टी करते 2 युवक यमुना में बहे: फरीदाबाद में गांव किड़ावली में यमुना नदी पर दिल्ली के मीठापुर के रहने वाले आयुष का बर्थडे मनाया जा रहा था। जिसमें उसका दोस्त धर्मेंद्र और 6 अन्य लोग भी शामिल थे। यहां उन्होंने पहले केक काटा। इसके बाद आयुष और धर्मेंद्र नहर किनारे मस्ती करने लगे तो आयुष का पैर फिसल गया। धर्मेंद्र ने बचाने की कोशिश की तो दोनों यमुना में गिर गए।
- हिसार के 30 स्कूलों में हो सकती छु्ट्टी: हिसार में 7 जगह नहर टूट गई। वहीं 30 स्कूलों में जलभराव हो गया है। डीईओ ऑफिस ने स्कूलों को आदेश दिए हैं कि जिन स्कूलों में छत से पानी टपक रहा हो, सीलन हो या पपड़ी उतर रही हो वहां बच्चों को ना पढ़ाया जाए। इसके अलावा गवर्नमेंट स्कूल सारंगपुर में फर्श धंसने और उकलाना के बिठमडा में स्कूल की चहारदीवार बारिश के कारण ढहने की सूचना डीईओ ऑफिस को मिली है।
- सिरसा में घग्गर उफान पर, 3 घरों की दीवार गिरी: सिरसा में घग्गर भी उफान पर है और डेंजर लेवल के करीब चल रहा है। जिसे देखते हुए तटबंधों पर ठीकरी पहरा लगाकर नजर रखी जा रही है। यहां बारिश से 3 घरों की दीवार गिर गई। हालांकि दीवार बाहरी तरफ गिरने से अंदर सो रहे परिवार का बचाव रहा। एक घर के मलबे में 7 बकरियों की मौत हो गई। सिरसा के एक स्कूल में छुट्टी कर दी गई है।
- करनाल में यमुना ओवरफ्लो, सोनीपत के 30 गांवों में अलर्ट: करनाल में यमुना ओवरफ्लो हो गई है। पानी आसपास के खेतों में घुस गया है। सोनीपत में यमुना को लेकर दिल्ली बॉर्डर तक 30 गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। फरीदाबाद में भी यमुना को लेकर अलर्ट है क्योंकि यहां सुबह तक पानी पहुंच सकता है।
- पंचकूला में पुल बहा, कुरुक्षेत्र में स्कूलों में छुट्टी: पंचकूला में करीब एक करोड़ की लागत से पुल बह गया। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज की बस भी पलटते-पलटते बची। हालात बिगड़ते देख यहां के मोरनी, पिंजौर, रायपुर रानी और बरवाला में स्कूल बंद करने के आदेश दे दिए हैं। इसके अलावा कुरुक्षेत्र में भी स्कूल बंद किए गए हैं।