गुरुग्राम के व्यस्त सेक्टर 4-7 चौक के पास शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने एक किन्नर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कार ग्रिल को तोड़ते हुए डिवाइडर पर भी चढ़ गई। जिसके कारण किन्नर कार और डिवाइडर के बीच में फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किन्नर सड़क पार कर रहा था और वह डिवाइडर तक पहुंच गया था। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर का नियंत्रण खो गया और किन्नर को घसीटते हुए कार डिवाइडर पर चढ़ गई।
लोगों ने तुरंत शोर मचाया, तो ड्राइवर कार छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने किन्नर को कार के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कर रही पुलिस
मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक यह इलाका शाम के समय काफी व्यस्त रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां स्पीड ब्रेकर और फुट ओवरब्रिज की कमी के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।

