गुरुग्राम: गुरुग्राम में एचडीएफसी बैंक के एक असिस्टेंट मैनेजर ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। उसका शव सदर बाजार इलाके में किराए के कमरे से मिला है। सोमवार देर रात उसकी एक सहकर्मी ने बार-बार कॉल की, लेकिन उसने कॉल पिक नहीं की। मृतक शैलेंद्र कुमार द्विवेदी मूल रूप से रीवा का रहने वाला था और उसके चाचा भी गुरुग्राम में रहते हैं। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जबकि मोबाइल फोन लॉक होने के कारण उसे फॉरेंसिक जांच के लिए सील कर भेज दिया गया है।
एचडीएफसी में सहायक मैनेजर
शैलेंद्र अनमैरिड था और वे दो भाई हैं। सेक्टर 66 स्थित एचडीएफसी बैंक ब्रांच में तैनात था, कुछ समय पहले ही गुरुग्राम स्थानांतरित हुआ था। वह अकेले किराए के कमरे में रहता था। घटना की जानकारी तब मिली जब उसके साथ काम करने वाली एक सहकर्मी ने देर रात उसे कई बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
सहकर्मी की कॉल नहीं उठाई
सुबह भी उसने एक दर्जन से ज्यादा कॉल करने पर जब फोन नहीं उठा, तो चिंतित होकर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने भी बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार उसके चाचा कमरे पर पहुंचे, तो उन्हें शैलेंद्र फांसी पर लटका मिला।
लॉक फोन को जांच के लिए भेजा
जांच अधिकारी सुंदर सिंह ने बताया कि फोन लॉक होने के कारण उसकी कॉल डिटेल्स, मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच फॉरेंसिक लैब में होगी। अभी तक आत्महत्या के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस हर संभव कोण से जांच कर रही है, जिसमें पारिवारिक, व्यक्तिगत और पेशेवर दबाव शामिल हैं। सहकर्मियों और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

