हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के पांच विधायकों के द्वारा क्रास वोटिंग के बाद मची उथल पथल को शांत करने के लिए आज नई दिल्ली में बुलाई गई कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। हरियाणा भवन में हुई रही विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने की। विधायक दल की बैठक में 30 विधायक मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध भी मौजूद रहे। कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट और पूजा चौधरी अभी बैठक में शामिल होने के लिए नहीं पहुंची। बैठक की सबसे अहम बात यह है कि इसमें क्रास वोटिंग करने वाले पांचों विधायकों को नहीं बुलाया गया था।बैठक के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि विधायक दल की मीटिंग में राज्य सभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि ये मामला सीएपपी का नहीं है। इसको लेकर 3 अप्रैल को पार्टी की अनुशासनात्मक कार्यवाही कमेटी की मीटिंग बुलाई गई है। उसी में इस पर फैसला होगा। हालांकि सब जानते हैं कि क्या हुआ है। पार्टी इस मामले को काफी गंभीरता से ले रही है, इस पर एक्शन जरूर होगा। सब तय हो चुका है।
क्रॉस वोटिंग वाले विधायकों को इस्तीफा देना चाहिए
विधायक दल की बैठक के बाद हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने एक बार फिर से किया स्पष्ट हमारे प्रभारी बीके हरिप्रसाद और नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आंखों से वोट देखा है। कोई झूठ और गलत आरोप नहीं है। क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को इस्तीफा देना चाहिए।
दो गुटों में बंटे विधायक
पार्टी के इन पांचों विधायकों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विधायक दो गुटों में बंट गए हैं। एक गुट ये चाहता है कि पार्टी लाइन के खिलाफ क्रास वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और दूसरा गुट ये चाहता है कि जिन चार विधायकों के वोट रद्द हुए उनके नाम भी सार्वजनिक किए जाए।
3 विधायकों ने ही दिया जवाब, दो बागी
हरियाणा कांग्रेस की अनुशासन कमेटी ने चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप में पांच विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नरायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी, साढ़ौरा से रेनू बाला और रतिया से जरनैल सिंह ने नोटिस का जवाब दे दिया है। तीनों ने ही पार्टी लाइन में रहते हुए कर्मवीर बौद्ध को वोट देने की बात कही है। तीनों विधायकों के जवाब से पार्टी संतुष्ट नजर नहीं आ रही है। वहीं पुन्हाना से विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन से विधायक मोहम्मद इसराइल ने कमेटी को जवाब न देकर एक तरह से कांग्रेस से बगावत के संकेत दिए हैं।
इस्तीफे की चर्चा और उपचुनाव की आहट
नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी और पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास के इस्तीफे की चर्चाएं तेज हैं। कहा जा रहा है कि ये दोनों विधायक अपनों के लिए ही सीटें छोड़ सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो इन सीटों पर उपचुनाव होंगे, जहां कांग्रेस अपने ही नए चेहरों पर दांव लगा सकती है। दूसरी तरफ भाजपा भी अपना दावा करेगी। चर्चा है कि मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में भाजपा भी अपना पैठ मजबूत करने की दिशा में दांव खेल सकती है।

