कोहरे के कारण भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा टी-20 शुरू होने में देरी हो रही है। मैच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाना था, लेकिन घने कोहरे की वजह से टॉस को आगे बढ़ाया गया। अंपायर्स 5 बार कंडीशन का मुआयना कर चुके हैं। लेकिन, कोई अपडेट नहीं आया। अगला निरीक्षण रात 9:25 बजे होगा। भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में बदलाव देखने को मिलेगा। शुभमन गिल को चोट लगी है। उनके खेलने पर संशय हैं, उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। दूसरी ओर साउथ अफ्रीका के बर्थडे बॉय क्विंटन डी कॉक अपने टी-20 करियर का 100वां मैच खेलने जा रहे हैं। 5 मैच की सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे है। भारत ने पहला मैच 101 रन से जीता था, इसके बाद साउथ अफ्रीका ने मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे मैच में 51 रन से जीतकर वापसी की, लेकिन तीसरे मैच में धर्मशाला में भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल करते हुए फिर बढ़त बना ली।

