कुरुक्षेत्र के लाडवा में पति की प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। महिला अपने पति के साथ किराये के मकान में रहती थी। घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। रात करीब 9 बजे उसका पति घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा तो पत्नी का शव फंदे पर लटका था। मृतका की पहचान नूतन उर्फ प्रिया (25) निवासी भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई। फिलहाल, नूतन अपने पति मनमोहन कटारा के साथ लाडवा की महावीर कॉलोनी में रहती थी। मनमोहन लाडवा के सरकारी अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है।
6 महीने पहले हुई थी शादी
चोखेंद्र उपाध्याय निवासी जगनेर, जिला आगरा (यूपी) ने बताया कि उसकी भतीजी नूतन की शादी मनमोहन कटारा के साथ करीब 6 महीने पहले 16 जनवरी 2025 को हुई थी। उन्होंने सरकारी नौकरी देखकर बेटी का रिश्ता तय किया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही मनमोहन ने उसकी भतीजी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
शराब पीकर करता था मारपीट
चोखेंद्र उपाध्याय ने आरोप लगाया कि, मनमोहन ने उसकी भतीजी नूतन को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शराब के नशे में मारपीट आम बात हो गई थी। झगड़े-कलह बढ़ते गए। इससे तंग आकर उसकी भतीजी ने कल रात फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। उसका पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता था।
पति के खिलाफ केस दर्ज
थाना लाडवा के SHO सुनील वत्स ने बताया कि परिजनों को रात ही सूचित कर दिया था। उनके बयान के आधार पर आरोपी पति मनमोहन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

