कुरुक्षेत्र में भतीजा-भतीजी की शादी की तैयारी में लगे दपंती की एक्सीडेंट में मौत हो गई। शादी की सारी खुशियां मातम में बदल गई। कल (शनिवार को) भतीजी और फिर अगले दिन भतीजे की बारात चढ़नी थी, लेकिन रात अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे-152 पर तेज रफ्तार पिकअप ने दंपती की बाइक को टक्कर मार दी,।
इस एक्सीडेंट में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि उनको एम्बुलेंस के जरिए CHC पिहोवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। एक्सीडेंट के बाद आरोपी पिकअप ड्राइवर मौके से भाग गया।
मशरूम का ठेकेदार था प्यारा गिर
पिहोवा के मलिकपुर गांव का रहने वाला प्यारा गिर (40) गांव में मशरूम का ठेकेदार था। प्यारा गिर गांव में ही एक जमींदार के पास मशरूम लगाने में उसकी मदद करता था। मशरूम के लगाने से लेकर बेचने तक की जिम्मेदारी प्यारा गिर की थी, जबकि उसकी पत्नी कृष्णा देवी (37) हाउस वाइफ थी।
बाइक पर जा रहे थे पैलेस
प्यारा गिर के चचेरे भाई रवि कुमार निवासी मलिकपुर ने पुलिस को बताया कि वह माली का काम करता है। वह कल रात करीब साढ़े 8 बजे गांव के बस अड्डे पर अशोक कुमार की फ्रूट की रेहड़ी के पास खड़ा था। उसके ताऊ का बेटा प्यारा गिर अपनी पत्नी कृष्णा देवी के साथ बाइक पर NH 152 से होते हुए शादी के कपड़े लेकर भाई के घर जा रहे थे।
।इसी दौरान अंबाला की तरफ तेज रफ्तार में आई महिंद्रा पिकअप (HR65A-3095) ने उसके देखते ही देखते उसके ताऊ के बेटे की बाइक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका भाई और भाई बाइक से उछल कर सड़क पर गिर गए और बुरी तरह से जख्मी हो गए।
अस्पताल में मृत घोषित
उसने दोनों संभाला और डायल-112 पर कॉल करके एक्सीडेंट की सूचना दी। कुछ देर में एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंच गए। उसने तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अपने भाई-भाभी को CHC पिहोवा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उनकी जांच करके मृत घोषित कर दिया।

