कैथल: हरियाणा के कैथल में गुहला चीका से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने SDM को बच्चों के खेलने वाला झुनझुना देने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इसे पकड़ो और जाकर बजाते रहो। सोमवार को विधायक देवेंद्र हंस कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चीका BDPO ब्लॉक परिसर में बनी दुकानों की लंबाई और किराया बढ़ाने के विरोध में चीका ब्लॉक डेवलपमेंट पंचायत ऑफिस (BDPO) पहुंचे थे। यहां विधायक गुहला के SDM कैप्टन प्रमेश सिंह पर भड़क गए। SDM को झुनझुना देने की कोशिश का वीडियो भी सामने आया है। SDM कैप्टन प्रमेश सिंह ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लेकर जांच करवाई गई थी। जिसमें सामने आया कि कोई गड़बड़ी नहीं की और काम नियमों के अनुसार हो रहा है।

- 8 दुकानों की लंबाई 10 फीट थी: विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि सरकारी जमीन को खुर्दबुर्द करने व दुकानों की लंबाई बढ़ाने की एवज में भारी भरकम राशि ली गई। शहर की प्राइम लोकेशन शहीद ऊधम सिंह चौक पर चीका का BDPO ऑफिस बना हुआ है। इस परिसर के पिहोवा व पटियाला रोड की तरफ दुकानें बनी हुई हैं। पहले पिहोवा रोड की तरफ बनी 8 दुकानों की लंबाई 10 फीट के आसपास थी।

- बिना मंजूरी दुकानों की लंबाई बढ़ाई: विधायक ने आरोप लगाया कि दिसंबर महीने में सरकार से मंजूरी लिए बिना दुकानों की लंबाई बढ़ाई गई। निर्माण कार्य छुट्टी वाले दिन किया गया। इस संबंध में जब लोगों ने शिकायत दी तो गुहला के SDM कैप्टन प्रमेश सिंह को जांच का जिम्मा दिया गया। SDM ने अपनी जांच में निर्माण कार्य को गलत ठहराते हुए निर्माण रोकने के आदेश सुना दिए। इसके बाद शहर के लोगों ने उन्हें इस बारे में सूचना दी।
- SDM ने आश्वासन के बाद कार्रवाई नहीं की: देवेंद्र हंस ने कहा कि जब वे SDM से मिलने गए तो मामले की जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में कोई कार्रवाई नहीं हुई। सरकार में बैठे लोग अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर सरकारी जमीन को खुर्द बुर्द कर रहे हैं और जमकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो धरना दिया जाएगा।

