नई दिल्ली: कांग्रेस ने अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने X पर लिखा- वॉशिंगटन में मोगैम्बो खुश है। ऐसा लग रहा है कि PM मोदी ने आखिरकार हार मान ली है। उन्होंने लिखा कि भारत को अपनी ही सरकार की कार्रवाइयों की जानकारी ट्रम्प या उनके नियुक्त प्रतिनिधियों से मिलती है। अब यह रूटीन बनता जा रहा है। कांग्रेस के X पोस्ट में लिखा गया कि सीजफायर (ऑपरेशन सिंदूर) की तरह ट्रेड डील की घोषणा भी ट्रम्प की ओर से की गई। बताया गया ‘मोदी की रिक्वेस्ट’ पर ट्रेड डील की जा रही है। कांग्रेस ने लिखा कि यह भी बताया गया कि मोदी रूस से तेल नहीं खरीदेंगे, अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेंगे। क्या ट्रेड डील में मोदी सरकार रूस का साथ छोड़ने पर राजी हुई है। अमेरिका से ज्यादा सामान खरीदने की बात भी कही गई, अगर ऐसा है तो ‘मेक इन इंडिया’ का क्या हुआ। दरअसल, ट्रम्प ने सोमवार को भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि भारत अब रूस से तेल खरीदना अब बंद कर देगा।

