चण्डीगढ़ : फाजिल्का शहर के जाने माने समाजसेवी डॉ. यशपाल जस्सी ने पंजाब कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता राणा गुरमीत सिंह सोढी पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाए हैं। आज यहां चण्डीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए डॉ. जस्सी, जो पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव भी रहे हैं, ने खुलासा करते हुए बताया कि राणा सोढी ने उनको 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों में फाजिल्का सीट से कांग्रेस की टिकट दिलाने का आश्वासन दिया व इस काम के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की डिमांड रखी जिसमें से 50 लाख रुपए एडवांस भी मांगे। ये सारी बातचीत फाजिल्का के ही कांग्रेस नेता मलकीत सिंह हीरा के माध्यम से हुई व हीरा ने ही उन्हें राणा सोढ़ी के साथ मिलाया भी। राणा सोढी ने बताया कि ये पैसे कैप्टन अमरिंदर सिंह को देने हैं और उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह से उनकी मुलाकात करवा कर परिचय भी करवाया। डॉ. जस्सी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के खास रहे महेंद्र रिणवां, जिनको फाजिल्का से टिकट मिलने की संभावना थी, के बारे में पूछा तो कैप्टन ने कहा कि वे दो बार हार चुके हैं, इसलिए वे दौड़ से बाहर हैं। आप वहां काम में जुटे रहो।

डॉ. जस्सी ने इस पर उन्हें वर्ष 2016 में फ़रवरी से मई महीने के बीच 50 लाख रुपए अरेंज करके दे दिए। बाद में जब टिकटों का ऐलान हुआ तो डॉ जस्सी का नाम लिस्ट में नहीं था। उन्होंने जब राणा से पैसे वापिस मांगे तो वे आजकल-आजकल करने लगे और ऐसा करते-करते उन्होंने 8 साल निकाल दिए। डॉ जस्सी ने बताया अब तो हद ही हो गई जब राणा सोढ़ी उन्हें धमकियाँ देने लग गए हैं और कहते हैं कि जो करना है, कर लो। इस दौरान उन्हें पता चला कि राणा सोढी ने कई और लोगों से भी पैसे ऐंठे हुए हैं जिनमें मलकीत सिंह हीरा के साथ-साथ बलुआना एवं धौलपुर ( राजस्थान ) की दो महिलाएं भी शामिल हैं उन्होंने बताया कि उनके पास सबूत के तौर पर राणा सोढ़ी के ऑडियो हैं, जिनमें पैसे के लेनदेन के बारे में बातचीत हुई है। डॉ. जस्सी ने कहा कि उन्होंने सुनील जाखड़, कैप्टन अमरिंदर सिंह से लेकर प्रधानमंत्री मोदी तक को चिट्ठियां लिखकर राणा सोढ़ी की इस करतूत के बारे में बताया परन्तु सब ने इस तरफ से मुंह मोड़ा हुआ है। अब उन्होंने खुलकर सबको राणा सोढ़ी के कारनामे के बारे में बताने की ठान ली है, ताकि कोई और उनके झांसे में ना आ पाए। और साथ ही वे अपने पैसे वापिस लेने के लिए हर संभव कानूनी रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि राणा सोढ़ी सेgv उनको जान का खतरा है और यदि उन्हें कुछ होता है तो इसके लिए राणा सोढ़ी ही जिम्मेदार होंगे।

