इराक की राजधानी बगदाद में मौजूद अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल हमला हुआ है। इराकी अधिकारियों के मुताबिक दूतावास परिसर के अंदर बने हेलिपैड पर एक मिसाइल आकर गिरी। न्यूज एजेंसी AP ने यह जानकारी दी है। इससे पहले सऊदी अरब के एक एयरबेस पर खड़े अमेरिकी एयर फोर्स के 5 विमान तबाह होने की खबर भी सामने आई है। अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक ये ईंधन भरने वाले टैंकर विमान थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन विमानों को ईरान के हमले में नुकसान पहुंचा, हालांकि हमला कब हुआ यह नहीं बताया गया। इस मामले पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने अभी कोई बयान नहीं दिया है। कल इराक में अमेरिकी वायुसेना का बोइंग केसी-135 रिफ्यूलिंग विमान भी क्रैश हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार सभी 6 क्रू मेंबर्स की मौत हो गई। ईरान जंग में अब तक 11 अमेरिकी सैनिकों की जान जा चुकी है।
रिपोर्ट- होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान से बात कर रहे फ्रांस और इटली
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांस और इटली ने ईरान से बातचीत शुरू की है। दोनों देश चाहते हैं कि उनके जहाज होर्मुज स्ट्रेट से बिना खतरे के गुजर सकें, इसलिए इस बारे में समझौता करने की कोशिश हो रही है। बताया जा रहा है कि यूरोप के देश चाहते हैं कि मिडिल ईस्ट से तेल और गैस की सप्लाई फिर से ठीक से शुरू हो जाए। हालांकि अभी यह बातचीत शुरुआती दौर में है और कोई पक्का फैसला नहीं हुआ है। वहीं खबर है कि फ्रांस एक अंतरराष्ट्रीय ग्रुप बनाने की कोशिश भी कर रहा है, ताकि हालात सामान्य होने के बाद वॉरशिप्स की मदद से तेल और गैस के जहाजों को सुरक्षित तरीके से होर्मुज स्ट्रेट से निकाला जा सके।

