तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका ने ईरान के इस्फहान शहर में एक बड़े हथियार डिपो पर एयरस्ट्राइक की है। वॉल स्ट्रीट जर्नल रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला सोमवार रात को किया गया। इसके लिए 2000 पाउंड के बंकर-बस्टर बमों का इस्तेमाल हुआ। रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि इस डिपो में बड़ी मात्रा में हथियार और सैन्य सामग्री रखी गई थी, जिसे निशाना बनाया गया। बंकर-बस्टर बमों का इस्तेमाल मजबूत और भूमिगत ठिकानों को तबाह करने के लिए किया जाता है। हमले के बाद डिपो में रखे हथियारों में विस्फोट होने से कई धमाके हुए और इलाके में आग के बड़े गुबार उठे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी सोशल मीडिया पर धमाकों का एक वीडियो शेयर किया है।
ईरान होर्मुज स्ट्रेट पर टोल लगाएगा, संसदीय समिति की मंजूरी
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर टोल लगाएगा। संसद की नेशनल सिक्योरिटी कमेटी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस योजना के तहत जहाजों को इस समुद्री मार्ग से गुजरने के लिए ईरान को उसकी राष्ट्रीय मुद्रा रियाल में शुल्क देना होगा। प्रस्ताव में अमेरिका और इजराइल से जुड़े जहाजों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात भी कही गई है। साथ ही, उन देशों के जहाजों को भी रोका जा सकता है, जिन्होंने ईरान पर प्रतिबंध लगाए हैं। हालांकि, यह प्रस्ताव अभी कानून नहीं बना है। इसे संसद से पास होने और अन्य संवैधानिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही लागू किया जाएगा।

