सोनीपत: सोनीपत के खरखौदा में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने शिरकत की, जहां उनका कार्यकर्ताओं ने पगड़ी और गदा भेंट कर भव्य स्वागत किया। सम्मेलन स्थल पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अभय चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि इनेलो हमेशा जनहित और प्रदेशहित की पार्टी रही है, जिसने सत्ता और कुर्सी के मोह से ऊपर उठकर जनता की भलाई को प्राथमिकता दी है। उन्होंने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखे हमले किए और बीजेपी व कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे 25 सितंबर को रोहतक में ताऊ देवीलाल की जयंती धूमधाम से मनाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचें। चौटाला ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश की राजनीति के लिए एक अहम पड़ाव साबित होगा।

भूपेंद्र हुड्डा पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 में जनता कांग्रेस की सरकार चाहती थी, लेकिन हुड्डा ने ईडी केस से बचने के लिए बीजेपी के साथ मिलकर गलत टिकट वितरण किया। इसी कारण कांग्रेस हार गई और जनता की भावनाओं के साथ विश्वासघात हुआ।
