सिरसा: JJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल यानी इनेलो (INLD) में जाने का चैप्टर पिता ओपी चौटाला के निधन के साथ ही क्लोज हो गया है। एक होना तभी तक संभव था, अब ये संभव नहीं है। एक निजी मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान उन्होंने ये भी खुलासा किया कि 2019 में भाजपा की गठबंधन सरकार में नैना चौटाला को डिप्टी CM बनाया जा रहा था। तब ओपी चौटाला के कहने पर ही नैना की जगह बेटे दुष्यंत चौटाला को डिप्टी सीएम बनाया गया था।
अजय चौटाला ने ये भी कहा कि हमने अपनी पार्टी के पोस्टर पर ओपी चौटाला की फोटो लगाई है। अभय चौटाला ने कहा था कि अगर ऐसा करेंगे तो मेरे पांव में जूता है। अजय चौटाला ने पूछा कि कहां है अब वह जूता। उन्होंने अभय चौटाला को नसीहत देते हुए कहा कि इसका खुद काे ही नुकसान होता है, फायदा नहीं। अजय चौटाला ने ये भी कहा कि अभय ने उन्हें ओपी चौटाला की रस्म पगड़ी में नहीं बुलाया। मुझे नहीं तो चौ. रणजीत सिंह (ओपी चौटाला के भाई) को बुला लेते। इस दौरान अजय चौटाला ने परिवार के एक होने से लेकर नई पार्टी बनाने की वजह तक की पूरी बात बताई।
