यमुनानगर: यमुनानगर में सेशन कोर्ट के अकाउंटेंट ने फतेहपुर पुल से पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। नहर में कूदने से पहले व्यक्ति ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल की और कहा कि वह नहर में कूदने जा रहा है। पत्नी तुरंत लोगों को लेकर नहर पर पहुंची और गोताखोरों को भी बुलाया गया। लगभग एक घंटे बाद व्यक्ति का शव नहर से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया। परिवार के अनुसार, ड्यूटी के दौरान एक गलती होने पर अकाउंटेंट को नोटिस जारी किया गया था, जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान थे। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोनों बेटे विदेश में रहते हैं
मृतक की पहचान जगाधरी की गांधी धाम कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार (55) के तौर पर हुई है। वह सेशन कोर्ट में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। सुरेश के दोनों बेटे विदेश में रहते हैं। परिवार ने बताया कि पिछले दिनों कोर्ट में ट्रांजेक्शन संबंधी गलती को लेकर सुरेश कुमार को नोटिस जारी किया गया था।
पत्नी को वीडियो कॉल की
सुरेश के पड़ोसी राजेश भारद्वाज ने बताया कि शनिवार सुबह वह मंदिर जा रहा था। तभी सुरेश के पत्नी रोते हुए आई और बताया कि अभी सुरेश की वीडियो कॉल आई थी। उसने बताया कि वह नहर में कूदने जा रहा है। इसके बाद तुरंत पुलिस और गोताखोरों को सूचना दी गई।
एक घंटे बाद शव बरामद हुआ
सूचना मिलते ही पुलिस टीम, गोताखोर और एसडीआरएफ टीम फतेहपुर पुल पर पहुंची। पुल पर सुरेश बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव बरामद कर लिया।
पुलिस बोली- जांच कर रहे
मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी सुमन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

