अंबाला: अंबाला जिले में एक महिला ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि पिछले साल उसके साथ एक युवक ने रेप किया और दूसरे आरोपी ने छेड़छाड़ की। लेकिन इसके बावजूद पुलिस विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने मामले की शिकायत डीजीपी, एसपी और मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक भेज दी, लेकिन आज तक न्याय नहीं मिल सका। अब महिला ने चेतावनी दी है कि अगर मुझे कोई नुकसान हुआ तो पुलिस विभाग इसके लिए जिम्मेदार होगा।
सिलसिलेवार ढंग से जानिए मामला…
जुलाई 2024 की घटना : पीड़िता के अनुसार, घटना जुलाई 2024 की है। देर रात करीब 3 बजे वह अपने घर बरेली जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान जंडली पुल के पास पिकअप वाहन सवार 2 युवक उसके पास आए और उसे कैंट रेलवे स्टेशन छोड़ने की बात कही। महिला ने भरोसा करते हुए उनके साथ वाहन में बैठने का निर्णय लिया।
सफर के दौरान हमला और रेप : आरोप है कि कुछ ही दूरी जाने के बाद आरोपियों ने उसका रास्ता बदल दिया और पीड़िता के साथ रेप किया। विरोध करने पर उसे मारपीट कर घायल भी किया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे अंबाला कैंट स्टेशन के पास उतार दिया और फरार हो गए।
बलदेव नगर थाने में मामला दर्ज करने की कोशिश : महिला तुरंत पुलिस के पास पहुंची और बलदेव नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन पीड़िता का दावा है कि पुलिस ने गंभीर अपराध होने के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में देरी की और जांच शुरू करने से बचती रही।
लगातार अधिकारियों को पत्र भेजे गए : एक साल के भीतर महिला ने डीजीपी, एसपी अंबाला, सीएम ऑफिस, यहां तक कि प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचा दी। इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस पर प्रताड़ना का भी आरोप : पीड़िता ने आरोप लगाया कि बलदेव नगर थाने के पुलिसकर्मियों ने उल्टा उसके साथ मारपीट की। उसे बयान दर्ज कराने और इंसाफ मांगने पर धमकाया भी गया।

