अंबाला: अंबाला कैंट में रविवार देर रात पुलिस ने सट्टा खेलने और अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। तोपखाना चौकी इंचार्ज ने एसपी अजीत सिंह शेखावत के निर्देश पर तोपखाना बाजार, परेड ग्राउंड और भूर मंडी क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से देर रात पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जैसे ही लोगों को पता चला कि पुलिस इलाके में छापेमारी कर रही है, सट्टा खेलने और अवैध शराब बेचने वालों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपनी दुकानें और ठिकाने छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने बताया कि यह अभियान एसपी अजीत सिंह शेखावत के सख्त निर्देश पर चलाया गया है, ताकि कैंट क्षेत्र में बढ़ रहे अवैध धंधों पर अंकुश लगाया जा सके।
तोपखाना चौकी इंचार्ज विजय ने देर रात तक अपनी टीम के साथ इलाके के कई हिस्सों में दबिश दी। टीम ने गली-मोहल्लों और संदिग्ध ठिकानों पर जांच की। पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
अंबाला कैंट थाना प्रभार सुरिंदर सिंह ने बताया कि, “अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान पूरी तरह अपराध मुक्त माहौल बनाने के लिए चलाया जा रहा है।”

